शकील कुरैशी शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने अपने कर्मचारियों और पैंशनरों को वर्ष 2016 के बाद से नए वेतनमान के तहत एरियर की किश्त जारी कर दी है। सभी को कैश में सितंबर महीने के वेतन के साथ इसकी अदायगी की जाएगी। लगभग 1 लाख 90 हजार कर्मचारी और इतनी ही संख्या में पैंशनरों को उनका देय वित्तीय लाभ हासिल हो सकेगा। इसपर सरकार लगभग 1200 करोड़ रूपए की धनराशि खर्च करेगी। सरकार के 35 हजार कर्मचारियों को एरियर नहीं मिलेगा क्योंकि उन्होंने पहले ही 15 फीसदी एकमुश्त वेतन बढ़ोतरी का विकल्प चुना था। उनके लिए पहले से यह शर्त थी कि उनको एरियर की राशि नहीं दी जाएगी। शनिवार को वित्त विभाग ने कर्मचारियों और पैंशनरों दोनों के लिए अधिसूचना जारी कर दी है।
बताया जाता है कि कर्मचारियों को दिए जाने वाले एरियर पर सरकार लगभग 700 करोड़ रूपए की राशि खर्च करेगी वहीं पैंशनरों के लिए 500 करोड़ रूपए के एरियर की राशि खर्च होगी। पहली किश्त में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यानि गु्रप डी में आने वाले कर्मचारियों को फायदा पहुंचा है क्योंकि इसमें उनको सबसे ज्यादा 60 हजार रूपए या फिर इससे कम राशि बनेगी तो पूरी एकमुश्त मिल जाएगी।
गु्रप ए, बी व सी में आने वाले अधिकारी या कर्मचारी यानि प्रथम, द्वितीय व तृ़तीय श्रेणी के कर्मचारियों को 50-50 हजार रूपए की राशि एरियर के रूप में दी जाएगी। इन कर्मचारियों का बकाया एरियर अगली किश्तों में दिया जाएगा।
बता दें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एरियर की घोषणा 15 अगस्त को की थी तब से लेकर अभी तक कर्मचारी व पैंशनर इसका इंतजार कर रहे थे। इसका फार्मूला नहीं बन पा रहा था जिसे लेकर खासी माथापच्ची चल रही थी। अब जाकर आदेश जारी हुए हैं।
जानकारी के अनुसार गु्रप ए, बी व सी केटेगिरी के कर्मचारियों को 50 हजार रूपए की राशि मिलेगी लेकिन इसमें से टीडीएस भी कटेगा। माना जा रहा है कि टीडीएस में लगभग 11 हजार रूपए की राशि कट जाएगी जिसके बाद कर्मचारियों को 39 हजार रूपए के आसपास की राशि उनके खाते में आएगी।
पहले मिल चुकी है 21 फीसदी अंतरिम राहत
प्रदेश के कर्मचारियों व पैंशनरों को 21 फीसदी की अंतरिम राहत सरकार पहले ही दे चुकी है। 1.8.2016 को इनको 5 फीसदी अंतरिम राहत प्रदान की गई जबकि 1.8.2017 को यह राहत बढ़कर 9 फीसदी हो गया। वहीं 1.1.2016 को 17 फीसदी तक अंतरिम राहत पहुंची जोकि बेसिक पे व ग्रेड पे को मिलाकर बना। इसके बाद 1.7.2018 में कुल 21 फीसदी अंतरिम राहत हो गई। इससे सरकार पर एक साथ ज्यादा बोझ नहीं पड़ा है। संबंधित विभाग अपने कर्मचारियों और पैंशनरों को एरियर की यह राशि जारी करेंगे।
1.1.2016 से पहले के पैंशनरों को 20 फीसदी एरियर
वर्ष 2016 से पहले के जो पैंशनर हैं उनको सरकार ने 20 फीसदी एरियर देने के आदेश किए हैं। इनके लिए भी 50 हजार रूपए की सीलिंग लगाई गई है। सितंबर 2022 की पेंशन में इनको एरियर की राशि भी प्रदान कर दी जाएगी। इनकी अंतरिम राहत की राशि को इसमें अडजस्ट किया जाएगा। अंतरिम राहत की चार किश्तें पहले ही दी जा चुकी हैं। इसी तरह से वर्ष 2016 के बाद रिटायर हुए कर्मचारियों को 20 फीसदी एरियर की किश्त 50 हजार अधिकत्तम राशि के साथ देगी। इनको भी सितंबर की पेंशन के साथ एरियर की राशि प्रदान कर दी जाएगी।