फगवाड़ा (भाषा): फगवाड़ा के चीनी मिल क्रासिंग इलाके में सड़क दुर्घटना में घायल पंजाब पुलिस के एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) की मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल है।
उनकी मोटरसाइकिल को एक निजी बस ने टक्कर मार दी थी। फगवाड़ा के पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र चंद ने बताया कि मृतक की पहचान एएसआई बिंदर पाल (52) के रूप में हुई है। वह भानोकी गांव के रहने वाले थे। उनकी पत्नी वीना रानी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
दोनों घायलों को सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने पुलिसकर्मी को मृत घोषित कर दिया।
पाल की पत्नी को कई जगह फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें बाद में एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।अधिकारी ने बताया कि बस को जब्त कर लिया गया है। चालक सुखविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।