चंद्र ठाकुर। नाहन
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर सांसद सुरेश कश्यप ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है। प्रदेश प्रमुख की जिम्मेदारी मिलने पर सुरेश कश्यप ने कहा कि वह पार्टी के इस भरोसे पर खरा उतरने के लिए हमेशा प्रयासरत रहेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह बखूबी निभाएंगे। अपनी इस नियुक्ति के लिए उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व अन्य शीर्ष नेताओं का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा आम जन की पार्टी है। यहां पर एक आम कार्यकर्ता प्रदेश का अध्यक्ष बनता सकता है।
एक चाय वाला देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। एक मिस्त्री का बेटा प्रदेश का मुख्यमंत्री बन सकता है। यह सब कुछ केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है। उन्होंने आगामी विधानसभा और पंचायती राज चुनाव में भी जीत की बात कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल में पार्टी के सभी नेताओं को एक साथ लेकर आगे बढ़ेंगे और संगठन को मजबूत किया जाएगा।