- निगम मेयर को त्याग का इनाम, कांग्रेसियों में खुशी की लहर
- कुलदीप राठौर ने सौंपा नियुक्ति पत्र
हिमाचल दस्तक :ब्यूरो। धर्मशाला : धर्मशाला में जहां उपचुनाव का माहौल गरमाया हुआ है, वहीं नगर निगम के मेयर देवेंद्र जग्गी को चुनावी बेला में त्याग का इनाम मिला है।
जग्गी को प्रदेश कांग्रेस में महासचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चुनावी बेला में प्रदेश की दूसरी नगर निगम धर्मशाला के मेयर को प्रदेश कांग्रेस में मिले औहदे से जहां धर्मशाला के पुराने कांग्रेसियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। गौरतलब है कि उपचुनाव के लिए पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा द्वारा चुनाव लडऩे से इंकार करने के चलते देवेंद्र जग्गी का कांग्रेस प्रत्याशी के नाम पर चर्चा में था।
विजय इंद्र कर्ण और देवेंद्र जग्गी के नाम पर चर्चा चल रही थी और अंतत: विजय इंद्र कर्ण को टिकट दे दिया गया। जग्गी द्वारा किए गए त्याग का इनाम अब उन्हें प्रदेश महासचिव नियुक्त करके दिया गया है। एक ओर जहां कांग्रेस में उपचुनाव को लेकर प्रचार का शोर जारी है, वहीं देवेंद्र जग्गी की प्रदेश कांग्रेस महासचिव पद पर ताजपोशी से कांग्रेस जन खुश नजर आ रहे हैं।
शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने जग्गी को प्रदेश महासचिव पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया। जग्गी की नियुक्ति पर राकेश राणा, सुरेश पप्पी, अनुराग धीमान, हरभजन, अरुण विष्ट, राकेश धीमान, रणधीर शेखड़ी, जितेंद्र शर्मा, हरीश ने प्रदेश कांग्रेस सहित आलाकमान का आभार जताया है। गौरतलब है कि देवेंद्र जग्गी कांग्रेस के कर्मठ कार्यकर्ता रहे हैं तथा उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए पार्टी हित में काम किया है।
देवेंद्र जग्गी वर्ष 2003 में धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस महासचिव, वर्ष 2005 में प्रदेश यूथ कांग्रेस महासचिव पद पर सेवाएं दे चुके हैं, अब लगभग 15 साल बाद जग्गी को प्रदेश महासचिव पद का दायित्व सौंपा गया है।