धर्म चंद वर्मा। मंडी
वरिष्ठ नागरिक सभा हॉल मंडी में जिला जन कल्याण संस्था द्वारा एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिला की विभिन्न संस्थाओं ने भाग लिया और जिला की समस्याओं पर विस्तृत से चर्चा की। इस दौरान जिला जन कल्याण संस्था के अध्यक्ष हरीश चंद्र शर्मा ने कहा कि हरिद्वार में मंडी सदन के लिए मुख्यमंत्री से कई बार मांग कर चुके हैं लेकिन उसके बावजूद अभी तक उसके ऊपर सरकार और प्रशासन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि मंडी को नगर निगम का दर्जा दे दिया गया है, लेकिन दर्जा देने से मंडी की हालत नहीं सुधरेगी।
हरीश चंद्र शर्मा नेकहा कि इसके लिए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन को मास्टर प्लान बनाने के लिए आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि मंडी में पड्डल मैदान को छोड़कर स्पोर्ट्स के लिए एक अलग से अंतरराष्ट्रीय और नेशनल लेवल का मैदान बनाया जाए और उस मैदान में स्पोर्ट्स एक्टिविटी के अलावा कोई भी गतिविधियां न करवाई जाएं।
हरीश चंद्र शर्मा नेकहा कि मुख्यमंत्री ने मंडी में शिव धाम बनाने का जो निर्णय लिया है, वह ऐतिहासिक और सराहनीय निर्णय है, लेकिन जिस तरह से सिक्किम में शिव धाम को तैयार किया गया है, उसी तर्ज पर मंडी में भी शिव धाम को बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आज की बैठक में मंडी शहर के विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई जिसको लेकर सभी संस्थाओं में काफी रोष है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मंडी जिला से हैं और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं करते हैं तो सभी संस्थाएं उन्हें चिट्ठियों के माध्यम से अपनी समस्याओं से अवगत करवाएगी। इसके बावजूद उनकी मांगों को नहीं माना जाता है तो मुख्यमंत्री के मंडी प्रवास पर निजी तौर पर सभी संस्थाएं उनसे भेंट करेंगी। इसके बावजूद उनके समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है तो मंडी शहर में विभिन्न संस्थाएं मिलकर एक विशाल रैली निकलेंगी।